बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में दिनांक 15 नवंबर को 'जनजातीय गौरव दिवस' एवं 'भगवान बिरसा मुंडा जयंती' के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। मुख्य अतिथि के तौर पर बहराइच लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त मंच पर मुख्य वक्ता के तौर पर मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मिर्जापुर की कुलपति प्रो. शोभा गौर, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के सहायक प्रोफेसर डॉ. राम शंकर उरांव, कार्यक्रम संयोजक प्रो. जगमोहन थांती मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं बाबासाहेब और भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। विश्वविद्यालय कुलगीत गायन के पश्चात आयोजन समिति की ओर से अतिथियों को भेंट करके किया गया। सर्वप्रथम कार्यक्रम संयोजक प्रो. जगमोहन थांती ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का स्वागत किया एवं सभी को कार्यक्रम के उद्देश्य एवं रुपरेखा से अवगत कराया। मंच संचालन, डॉ. मंजरी राज ओरांव ने किया।

         विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि साहस, पराक्रम और संघर्ष जनजातीय समुदायों की विरासत और पहचान रहे हैं। जनजातीय समाज ने सदैव प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण एवं संवर्धन किया है। उनकी समृद्ध हस्तशिल्प कला, पारंपरिक ज्ञान और जैव विविधता से जुड़ी समझ वैश्विक स्तर पर भारत की सांस्कृतिक पहचान को विशिष्ट स्थान दिलाती है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदायों की अर्थव्यवस्था में बांस एवं वन आधारित संसाधनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिसे बांस अर्थव्यवस्था (Bamboo Economy) के रूप में भी देखा जाता है।

वर्तमान समय में आवश्यकता है कि जनजातीय समाज के विकास, उनकी क्षमताओं और आर्थिक संभावनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, उनकी पारंपरिक कला, सांस्कृतिक विरासत, विशिष्ट उत्पादों और पारंपरिक ज्ञान से जुड़े बौद्धिक संपदा अधिकारों (IPR) को संरक्षित करने के लिए ठोस प्रयास किए जाएं, ताकि उनकी सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक ज्ञान का उचित संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से जनजातीय समुदायों को डिजिटल एवं तकनीकी संसाधनों से जोड़ना आवश्यक है, जिससे उनकी प्राचीन विरासत और आधुनिकता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके। जनजातीय युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने के साथ-साथ उनके पारंपरिक उत्पादों को व्यापक बाजार और उपयुक्त मंच उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें। प्रो. मित्तल ने कहा कि बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय का प्रयास रहेगा कि परिसर में एक जनजातीय शोध मंच (Tribal Research Forum) की स्थापना की जाए, जो जनजातीय समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर शोध, संवाद और अकादमिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करे।

         मुख्य अतिथि एवं लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने मात्र 25 वर्ष के अपने अल्प जीवनकाल में जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ-साथ जनजातीय समुदायों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। डॉ. गोंड ने कहा कि आदिवासी समुदाय समाज की अस्मिता का महत्वपूर्ण आधार हैं, जो सदियों से प्रकृति और संस्कृति के संरक्षण में अहम भूमिका निभाते आ रहे हैं। जनजातीय समाज ने सदैव प्रकृति के साथ संतुलन स्थापित करते हुए जीवनयापन किया है और पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने तथा सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार भी जनजातीय समाज के उत्थान, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रही है। इस क्रम में उन्होंने एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, जनजातीय विद्यार्थियों के लिए प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं, जनजातीय क्षेत्रों में लघु वनोपज के मूल्य संवर्धन एवं विपणन को बढ़ावा देने वाले वन धन विकास केंद्रों तथा घुमंतू समुदायों के कल्याण के लिए गठित बोर्ड जैसी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य जनजातीय समुदायों को शिक्षा, रोजगार और विकास के समान अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें सशक्त बनाना है।

          मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय, मिर्जापुर की कुलपति प्रो. शोभा गौर ने भारतीय संस्कृति की प्राचीनता और उसकी विविधतापूर्ण विरासत पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी विशेषता विविधता में एकता की भावना है, जो विभिन्न समुदायों, परंपराओं, भाषाओं और जीवनशैलियों को एक सूत्र में पिरोती है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के अतुलनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि जनजातीय समाज का भारतीय इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण स्थान रहा है। उन्होंने मुसहर, वनटांगिया सहित विभिन्न जनजातीय एवं वंचित समुदायों की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि इन समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक ज्ञान को संरक्षित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विशेष रूप से जनजातीय समुदायों की शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि शिक्षा ही ऐसा सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ सामाजिक असमानताओं को दूर किया जा सकता है।

         काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के सहायक प्रोफेसर डॉ. राम शंकर उरांव ने भगवान बिरसा मुंडा द्वारा संचालित ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि यह आंदोलन जनजातीय समाज के जल, जंगल, जमीन, सामाजिक एवं सांस्कृतिक अधिकारों की रक्षा के लिए चलाया गया एक महत्वपूर्ण संघर्ष था। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन की दमनकारी नीतियों, शोषणकारी व्यवस्था और जनजातीय समाज की परंपराओं एवं धार्मिक पहचान पर हो रहे हस्तक्षेप के विरुद्ध आवाज बुलंद की।

डॉ. राम शंकर ने भगवान बिरसा मुंडा के साथ-साथ तिलका मांझी, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो और टंट्या भील जैसे वीर जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि इन सभी वीर योद्धाओं का संघर्ष भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। इसीलिए हमें जनजातीय नायकों के साहस, बलिदान और संघर्ष की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि समाज उनके योगदान से प्रेरणा लेकर अपनी सांस्कृतिक विरासत और अधिकारों के प्रति जागरूक हो सके।

         इस अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पोस्टर मेकिंग एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही कार्यक्रम के अंतर्गत जनजातीय समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं गयी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में सखुआ के पौधों का रोपण भी किया गया।

           कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, गैर शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।