राहुल गांधी बोले- केंद्र सरकार की नीति ध्यान भटकाओ, झूठ फैलाओ, शोर मचाकर तथ्य छुपाओ....
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कोरोनावायरस के संक्रमण की वजह से बढ़ते मौत के आंकड़ों को देखते हुए बुधवार को केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा और आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोगों का ध्यान भटकाने तथा झूठ फ़ैलाने के साथ तथ्य छुपाने की राजनीति कर रही है।
इतना ही नहीं उन्होंने ट्वीट के जरिए कहा कि वैक्सीन कम होती जा रही है और कोविड-19 से लोगों की मृत्यु बढ़ती जा रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीति है- 'ध्यान भटकाओ, झूठ फैलाओ, शोर मचाकर तथ्य छुपाओ।' कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार पर यह आरोप उस वक्त लगाया है, जब भाजपा ने मंगलवार को एक टूलकिट का हवाला देते हुए दावा किया था कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बदनाम करने का प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि 1 दिन में कोरोनावायरस से संक्रमित 2,67,334 नए मामले सामने आने के बाद देश में बुधवार को कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,54,96,330 हो गई, वहीं संक्रमण से 4,529 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 2,83,248 हो गई।
आपको बता दें इससे पहले भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने देश में चल रही महामारी के खिलाफ कांग्रेस की भड़काऊ प्रतिक्रिया पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भय का झूठा माहौल पैदा करने के लिए अपनी प्रतिक्रिया दे रही है।
इस दौरान जेपी नड्डा ने ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस संकट की स्थिति में राहुल गांधी के साथ उनकी पार्टी के सभी नेता लोगों से छल कपट और भड़काऊ भाषण को देकर उनको परेशान कर रहे हैं। जिसके बाद राहुल गांधी ने आज एक बार फिर ट्वीट करके केंद्र सरकार को कटाक्ष में लेते हुए जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
नेहा शाह