सुल्तानपुरः पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 22-23 अप्रैल को वायुसेना का अभ्यास, ट्रैफिक रूट डायवर्ट
सुल्तानपुर जिले के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बनी हवाई पट्टी पर 22 और 23 अप्रैल को भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान अभ्यास करेंगे। अरवल कीरी करवत स्थित करीब चार किलोमीटर लंबी इस हवाई पट्टी पर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और पूरी पट्टी वायुसेना की निगरानी में है। सोमवार शाम वायुसेना के अधिकारी योगेश इस्सर ने विशेष हेलीकॉप्टर से पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
इससे पहले 2019 और 2023 में भी यहां सुखोई, मिराज, जगुआर और राफेल जैसे लड़ाकू विमानों ने अभ्यास किया था। अभ्यास के चलते यातायात में बदलाव किया गया है। लखनऊ से गाजीपुर जाने वाले वाहनों को गुप्तारगंज के पास एक्सप्रेसवे से उतारकर अयोध्या-प्रयागराज मार्ग से कूरेभार होते हुए वैकल्पिक रास्ते से भेजा जा रहा है। वहीं गाजीपुर से लखनऊ आने वाले वाहनों के लिए भी गौरा के पास से रूट डायवर्ट किया गया है। यूपीडा के अधिकारी विनीत पांडे ने बताया कि शेष कार्य जल्द पूरे कर लिए जाएंगे।