भगोड़े मेहुल चोकसी केस में आज डोमिनिका कोर्ट में सुनवाई, आज होगा अहम फैसला.....
भगोड़े व्यवसायी मेहुल चोकसी को भारत प्रत्यर्पित किया जाए या नहीं इसपर आज डोमिनिका में कोर्ट में सुनवाई होगी। सुनवाई के दौरान भारत की ओर से तर्क रखा जाएगा कि मेहुल चोकसी अभी भी भारत का नागरिक है और उसकी भारत की नागरिकता अभी खत्म नहीं हुई है लिहाजा उसे भारत को सौंपा जाए। एंटीगुवा की नागरिकता हासिल करने के बावजूद अभी भी मेहुल चोकसी ने भारत की नागरिकता को नहीं छोड़ा है।
बता दें कि मेहुल चोकसी पर पंजाब नेशनल बैंक के साथ 14,0000 करोड़ रुपए के घोटाले का आरोप है, इसी मामले में उसके खिलाफ भारत में भी केस चल रहा है। मामले की सुनवाई के लिए भारत की ओर से 8 सदस्यों की टीम डोमिनिका पहुंची है ताकि चोकसी को प्रत्यर्पित करके भारत लाया जा सके। इससे पहले डोमिनिका की एक अदालत ने भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को अगले आदेश तक कैरिबियाई द्वीपीय देश से कहीं और भेजने पर रोक लगा दी थी।
भारतीय ऑफिसर्स और डोमिनिकन अफसरों की कई मीटिंग इस केस को लेकर हो चुकी है। भारतीय जांच एजेंसियां भारत सरकार की मदद से चाहती हैं कि कोर्ट में ये मामला ज्यादा कानूनी दांवपेंच में न फंसे बल्कि मेहुल चोकसी को जल्द से जल्द भारत डिपोर्ट किया जाए। दिसंबर 2018 में मेहुल चौकसी के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी था। मेहुल के खिलाफ चार्जशीट के अलावा सप्लीमेंट्री चार्जशीट और गैर जमानती वारंट भी मुंबई की अदालत ने जारी कर रखा है।
अराधना मौर्या