भारत के पहले निजी प्रक्षेपण यान विक्रम-1 का पहला कक्षीय प्रक्षेपण करेगा स्काईरूट एयरोस्पेस

Update: 2026-07-18 06:02 GMT




भारत का पहला निजी रूप से विकसित ऑर्बिटल रॉकेट विक्रम-1 अपनी पहली परीक्षण उड़ान के लिए तैयार है। इसे हैदराबाद की कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस ने बनाया है। यह रॉकेट ‘मिशन आगमन’ के तहत सुबह 11:30 बजे आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया जाएगा।

विक्रम-1 का यह प्रक्षेपण भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। यह पहली बार होगा जब किसी भारतीय निजी कंपनी ने देश में ही डिजाइन और तैयार किया गया ऑर्बिटल-क्लास रॉकेट लॉन्च किया है। इस रॉकेट का नाम भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के जनक डॉ. विक्रम साराभाई के सम्मान में रखा गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विक्रम-1 मिशन को भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह चार चरणों वाला रॉकेट तेज और जरूरत के अनुसार उपग्रहों को अंतरिक्ष में भेजने के लिए बनाया गया है।

प्रधानमंत्री ने स्काईरूट एयरोस्पेस की पूरी टीम को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह मिशन देश के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और नए विचारों को दिखाता है। इससे अंतरिक्ष क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे।

प्रधानमंत्री ने लोगों, खासकर युवाओं से इस ऐतिहासिक मिशन को देखने और टीम स्काईरूट की सफलता की कामना करने की अपील की है।

Similar News