पीएम मोदी आज राजस्थान-गुजरात दौरे पर, 1.06 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाओं की देंगे सौगात

Update: 2026-07-04 04:51 GMT


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (शनिवार) को राजस्थान और गुजरात का दौरा करेंगे। इस दौरान वे विमानन, शहरी परिवहन, ऊर्जा और सेमीकंडक्टर सहित कई प्रमुख अवसंरचना और विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

राजस्थान में वे लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, जबकि जयपुर मेट्रो फेज-2 की आधारशिला भी रखेंगे। इसके अलावा गुजरात में भारत के पहले सेमीकंडक्टर असेंबली एवं टेस्टिंग केंद्रों में से एक का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री सुबह लगभग 10:45 बजे जोधपुर हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और संशोधित विमानन योजना का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे वे बालोतरा पहुंचेंगे, जहां लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर वे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

जयपुर मेट्रो फेज-2 की रखेंगे आधारशिला

अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री बालोतरा जिले के पचपदरा में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) रिफाइनरी के उद्घाटन समारोह के दौरान जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के फेज-2 की आधारशिला रखेंगे। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से जयपुर के प्रमुख औद्योगिक, वाणिज्यिक और आवासीय क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी तथा शहरी परिवहन को नई गति मिलेगी।

13,037 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा 41 किमी लंबा कॉरिडोर

13,037 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना के तहत प्रहलादपुरा से तोड़ी मोड़ तक 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इससे सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र, विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र (वीकेआईए), जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, टोंक रोड, सवाई मानसिंह अस्पताल, सवाई मानसिंह स्टेडियम, कलेक्ट्रेट, जयपुर रेलवे स्टेशन, अंबाबारी और विद्याधर नगर सहित कई प्रमुख स्थानों को निर्बाध मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी।

36 मेट्रो स्टेशनों वाला होगा फेज-2

फेज-2 कॉरिडोर में कुल 36 मेट्रो स्टेशन होंगे। यह आधुनिक जन परिवहन प्रणाली जयपुर के तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्रों को प्रमुख आवासीय और व्यावसायिक इलाकों से जोड़ेगी। परियोजना का कार्यान्वयन राजस्थान मेट्रो रेल निगम लिमिटेड (आरएमआरसीएल) करेगा, जो केंद्र और राजस्थान सरकार का 50:50 संयुक्त उद्यम है।

गुजरात में सेमीकंडक्टर संयंत्र का उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री

राजस्थान के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री शाम लगभग 4:30 बजे गुजरात के साणंद पहुंचेंगे। यहां वे सीजी सेमी के आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (ओएसएटी) संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। यह ‘इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन’ के तहत विकसित भारत के पहले सेमीकंडक्टर असेंबली एवं टेस्टिंग संयंत्रों में से एक है और इसके साथ वाणिज्यिक उत्पादन की शुरुआत होगी। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

7,500 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश से विकसित हुआ केंद्र

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, सीजी सेमी ओएसएटी केंद्र 7,500 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश से विकसित किया गया है। यह मिशन के तहत स्वीकृत पहली चार सेमीकंडक्टर परियोजनाओं में शामिल है। यह केंद्र वेफर सॉर्टिंग, असेंबली, परीक्षण, पैकेज डिजाइन, विफलता विश्लेषण, परीक्षण कार्यक्रम विकास, उत्पाद विशेषताओं के मूल्यांकन और लॉजिस्टिक्स सहायता सहित सेमीकंडक्टर असेंबली एवं परीक्षण सेवाओं की संपूर्ण शृंखला उपलब्ध कराएगा।

Similar News