‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ और ‘100 हफ्ते नशा मुक्त युवा अभियान’ के तहत आज देशभर में युवाओं को नशामुक्ति के लिए बड़े पैमाने पर एकजुट किया जाएगा। अभियान के तहत देशभर में 1,067 स्थानों पर ‘राष्ट्रीय संकल्प समारोह’ आयोजित किए जा रहे हैं।

इनमें 471 जिला ‘माय भारत’ कार्यालयों और सहयोगी संगठनों के 596 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करना और उन्हें नशामुक्ति के अभियान से जोड़ना है।

कार्यक्रमों के दौरान युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी और हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा विशेष विषयों पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के तहत रचनात्मक लेखन और युवाओं की अगुवाई में चर्चाओं के जरिए नशामुक्ति का संदेश सीधे युवाओं तक पहुंचाया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को अपनी बात रखने और अपने साथियों तथा समुदायों के साथ जुड़ने का मंच दिया जाएगा।

आयोजकों के मुताबिक, इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जागरूकता को सकारात्मक गतिविधियों में बदलना और युवाओं की भागीदारी के जरिए नशामुक्त समाज के निर्माण को गति देना है।