पीएम मोदी ने अब तक 17 देशों की संसद को किया संबोधित

Update: 2025-07-10 05:00 GMT




प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक और रिकार्ड अपने नाम कर लिया है। वे अब तक 17 देशों की संसद को संबोधित कर चुके हैं। यह उनके सभी कांग्रेसी पूर्ववर्तियों के कुल संबोधनों की संख्या के बराबर है। पीएम मोदी ने यह उपलब्धि इस महीने के पहले सप्ताह में पांच देशों की यात्रा के दौरान घाना, त्रिनिदाद एवं टोबैगो और नामीबिया की संसदों में दिए गए अपने नवीनतम भाषणों के साथ हासिल की।

कांग्रेस के सभी प्रधानमंत्रियों को मिला दें तो उन्होंने कुल मिलाकर 17 बार विदेशी संसद को संबोधित किया है। पीएम मोदी के बाद दूसरा स्थान पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का है जिन्होंने सात बार दूसरे देशों की संसद को संबोधित किया। इंदिरा गांधी ने चार बार, प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने तीन बार, राजीव गांधी ने दो बार, और नरसिंह राव ने एक बार विदेशी संसद को संबोधित किया था।

पीएम मोदी की इस उपलब्धि में उनकी वैश्विक कूटनीति की झलक मिलती है। उन्होंने जिन देशों की संसदों को संबोधित किया है, उनमें विकसित व विकासशील दोनों ही देश शामिल हैं। यह भारत के व्यापक वैश्विक सम्मान को दर्शाता है। विगत वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया के जिन देशों के संसदों को संबोधित किया उनमें अमेरिका से लेकर युगांडा तक शामिल हैं।

अमेरिकी संसद को पीएम मोदी ने दो बार 2016 और 2023 में संबोधित किया है। प्रधानमंत्री बनने के बाद पीएम मोदी ने 2014 में ऑस्ट्रेलिया, फिजी, भूटान और नेपाल की संसदों को संबोधित किया। 2015 में ब्रिटेन, श्रीलंका, मंगोलिया, अफगानिस्तान और मॉरीशस की संसद को संबोधित किया। पीएम ने 2018 में युगांडा, 2019 में मालदीव और 2024 में गुयाना की संसद को संबोधित किया था।

Similar News