सीडब्ल्यूजी 2026: पीएम मोदी ने गावित-बासिल की ऐतिहासिक 1-2 फिनिश को सराहा
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पैरा-एथलीट दिलीप महादु गावित और मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकाथी को पुरुषों की टी47 100 मीटर स्पर्धा में क्रमशः गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री ने पुरुषों की लॉन्ग जंप स्पर्धा में लगातार दूसरी बार सिल्वर मेडल जीतने वाले मुरली श्रीशंकर की भी जमकर सराहना की।
गावित और बासिल ने दिलाई ऐतिहासिक 1-2 फिनिश
दिलीप महादु गावित ने पुरुषों की टी47 100 मीटर स्पर्धा में 10.71 सेकंड के गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकाथी ने 10.83 सेकंड के अपने सत्र के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ भारत ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में इस स्पर्धा में ऐतिहासिक 1-2 फिनिश दर्ज की।
पीएम मोदी ने गावित के प्रदर्शन को बताया शानदार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर दिलीप महादु गावित को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने पुरुषों की टी47 100 मीटर स्पर्धा में शानदार समय के साथ स्वर्ण पदक जीतकर नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया और अपना सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि गावित की रफ्तार, दृढ़ संकल्प और लगन ने देश का गौरव बढ़ाया है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।