अमरनाथ यात्रा शुरू, 28 अगस्त तक चलेंगे दर्शन

Update: 2026-07-03 04:58 GMT


श्री अमरनाथ जी यात्रा गुरुवार से जम्मू-कश्मीर के पहलगाम और बालटाल मार्गों से शुरू हो गई। 57 दिन तक चलने वाली इस यात्रा का समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन होगा।

यात्रा के दौरान देशभर से लाखों श्रद्धालु समुद्र तल से लगभग तीन हजार 888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा में भगवान शिव के दर्शन और प्राकृतिक रूप से निर्मित हिम शिवलिंग के दर्शन के लिए पहुंचेंगे।

श्रद्धालुओं का पहला जत्था बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच अनंतनाग जिले के नुनवान और गांदरबल जिले के बालटाल स्थित आधार शिविरों में पहुंचा।

पहले जत्थे को जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रवाना किया था। पहले जत्थे में चार हजार 822 श्रद्धालु शामिल हैं। इनमें दो हजार 510 श्रद्धालु पहलगाम मार्ग और दो हजार 312 श्रद्धालु बालटाल मार्ग से यात्रा करेंगे।

यात्रा के सुरक्षित और सुचारु संचालन के लिए दोनों मार्गों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थल, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और बचाव दल सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

Similar News