प्रधानमंत्री मोदी कल लद्दाख में 3,350 करोड़ रुपये की पांच विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से लद्दाख में लगभग तीन हजार तीन सौ पचास करोड़ रुपये की पांच प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में संपर्क को मजबूत करना, ऊर्जा अवसंरचना में सुधार करना, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करना और जल सुरक्षा को बढ़ाना है। वे इस अवसर पर सभा को संबोधित भी करेंगे। प्रधानमंत्री लेह स्थित कुशोक बकुला रिम्पोची हवाई अड्डे पर 640 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नए यात्री टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। आधुनिक टर्मिनल 23 हजार आठ सौ वर्ग मीटर में फैला है और इसे प्रति वर्ष 35 लाख यात्रियों को संभालने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
प्रधानमंत्री सीमा सड़क संगठन-बीआरओ द्वारा निर्मित 298 किलोमीटर लंबी निम्मू-पदुम-दारचा सड़क को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। लेह के निम्मू को हिमाचल प्रदेश के दारचा से सुदूर ज़ांस्कर घाटी के रास्ते जोड़ने वाली यह सड़क लद्दाख के लिए एक वैकल्पिक संपर्क गलियारा प्रदान करती है। यह श्रीनगर-लेह और मनाली-लेह राजमार्गों का पूरक है।
श्री मोदी नौ मेगावाट की हनु लघु जलविद्युत परियोजना और 66 किलोवाट की डबल-सर्किट डाह-हनु-खालत्सी पारेषण लाइन का भी उद्घाटन करेंगे। ये परियोजनाएं बिजली आपूर्ति अवसंरचना को मजबूत करेंगी और लद्दाख के विद्युत नेटवर्क की विश्वसनीयता में सुधार करेंगी। श्री मोदी लेह के सिंधु घाट में भारत के पहले पेट्रोग्लिफ संरक्षण पार्क और हिम सरोवर परियोजना के अंतर्गत 40 गांवों में विकसित 40 जल निकायों का भी उद्घाटन करेंगे।