आज से नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले का आगाज होने जा रहा है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल मेले का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह में पद्मश्री से सम्मानित गुरु माधवी मुद्गल और उनका समूह ओडिसी नृत्य प्रस्तुत करेगा।

इस मेले में देश-विदेश के 3,500 से ज्यादा प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। 13 से 27 नवंबर तक चलने वाले इस मेले की थीम 'विकास और विरासत' रखी गई है, जो आधुनिक भारत की तकनीकी प्रगति और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के अनूठे संगम को दर्शाती है। मेले में देश के विभिन्न राज्यों के पवेलियन, सरकारी योजनाओं की झलक, एमएसएमई सेक्टर के उत्पाद और पारंपरिक हस्तशिल्प आकर्षण के मुख्य केंद्र रहेंगे।

मेले में आने वाले दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर भीड़ प्रबंधन और सुगम प्रवेश की विशेष व्यवस्था की गई है। मेले के शुरुआती छह दिन यानी 13 से 18 नवंबर तक केवल व्यापारिक दर्शकों के लिए आरक्षित रहेंगे, जबकि 19 से 27 नवंबर तक आम जनता मेले का आनंद ले सकेगी। दर्शकों की सुविधा के लिए टिकटों की बिक्री आईटीपीओ के आधिकारिक पोर्टल और दिल्ली मेट्रो के डीएमआरसी ऐप पर ऑनलाइन की जा रही है।

इस साल मेले में युवाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। 'हॉल ऑफ इंस्पिरेशन' में डीप टेक से लेकर कृषि प्रौद्योगिकी, ड्रोन, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा प्रौद्योगिकी तक के करीब 600 स्टार्टअप अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। 'ओडीओपी' मंडप जिला स्तर के शिल्प, खानपान और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा।

अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के तहत 11 देशों के मंडप होंगे। इनमें थाईलैंड, ईरान, घाना, नेपाल, अफगानिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात, तुर्किये, चीन, श्रीलंका और बांग्लादेश के प्रदर्शक शामिल होंगे। इस साल बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश को साझेदार राज्य बनाया गया है, जबकि असम, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल 'फोकस स्टेट' के रूप में अपनी भागीदारी निभाएंगे।