पंजाब में बीजेपी की नशा मुक्त यात्रा का आज अंतिम दिन है। यात्रा के समापन के मौके पर जालंधर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली होगी। ऐसे में उनके संबोधन पर सभी की नजरें रहेंगी। अमित शाह पहले ही 2029 तक देश से नशे के खात्मे का लक्ष्य घोषित कर चुके हैं।

अगले साल पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले बीजेपी ने नशे के खिलाफ अभियान को अपने प्रमुख मुद्दों में शामिल किया है। 18 सितंबर को बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन की अगुवाई में पठानकोट से शुरू हुई करीब 4 हजार किलोमीटर लंबी यह यात्रा पंजाब के चार अलग-अलग रूट से होते हुए सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंची।

यात्रा में केंद्रीय मंत्रियों, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। बीजेपी ने नशे के खिलाफ पांच संकल्प भी सामने रखे हैं। इनमें ड्रग नेटवर्क और सप्लाई चेन पर कार्रवाई, ड्रग मनी पर शिकंजा कसना और युवाओं के पुनर्वास पर फोकस शामिल है।

यात्रा के दौरान बीजेपी ने नशे के साथ-साथ कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दे भी उठाए। अब जालंधर की रैली के साथ यात्रा का समापन होगा, जहां अमित शाह के संबोधन में नशे के खिलाफ पार्टी की रणनीति और आगे की दिशा पर फोकस रहने की उम्मीद है।