राष्ट्रपति मुर्मु ने स्लोवाकिया-भारत व्यापार मंच को किया संबोधित

Update: 2025-04-10 12:26 GMT


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ब्रातिस्लावा में आयोजित स्लोवाकिया-भारत व्यापार मंच को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि तकनीकी क्षेत्र में भारत तेजी से एक वैश्विक नेता के रूप में उभर रहा है।

राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में यह भी उल्लेख किया कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में 5 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य पूरा करने की राह पर है।

इससे पहले, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्लोवाकिया में भारतीय संस्कृति के प्रतीक रामायण के मंचन का अवलोकन भी किया।

बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अपनी पुर्तगाल और स्लोवाक गणराज्य की यात्रा के अंतिम चरण में स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा पहुंचीं। उन्होने अपनी यात्रा की शुरुआत प्रेसिडेंशियल पैलेस से की, जहां स्लोवाक गणराज्य के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान, एक जोड़े ने पारंपरिक स्लोवाक परिधान पहनकर रोटी और नमक से उनका स्वागत किया और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ औपचारिक स्वागत की प्रक्रिया पूरी की।

यह 29 वर्षों में किसी भारतीय राष्ट्रपति की स्लोवाक गणराज्य की पहली यात्रा है।


Similar News