वैश्विक चुनौतियों के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत: सीईए नागेश्वरन

Update: 2025-05-05 12:33 GMT


भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) वी अनंत नागेश्वरन ने कहा है कि मौजूदा आर्थिक संकेतक भारत की अर्थव्यवस्था की सकारात्मक तस्वीर पेश कर रहे हैं और वैश्विक चुनौतियों के बावजूद घरेलू अर्थव्यवस्था तेज़ी से आगे बढ़ रही है।

अशोका यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम में नागेश्वरन ने कहा, "वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत स्थिति में है। वित्त वर्ष 25 के आंकड़े मई में उपलब्ध होंगे, और मौजूदा संकेतकों से यह स्पष्ट हो रहा है कि विकास दर मजबूत बनी हुई है।"

उन्होंने आगे बताया कि देश में ऊर्जा की खपत किफायती हो रही है, एनर्जी ट्रांजिशन से रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं और छोटे व मंझले उद्यमों और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में वृद्धि हो रही है। नागेश्वरन ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, शिक्षा और कुशल कार्यबल देश की विकास दर को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

नागेश्वरन ने महंगाई को नियंत्रित रखते हुए आर्थिक स्थिरता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि देश की प्रगति के साथ समावेशी विकास को सुनिश्चित करना भी अहम है।

वहीं, नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी ने भारत के दीर्घकालिक दृष्टिकोण पर चर्चा करते हुए कहा कि भारत 2047 तक एक विकसित, उच्च आय वाला देश बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा, "पिछले तीन दशकों में भारत ने 6.5 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर हासिल की है, जो एक प्रभावशाली उपलब्धि है और यह देश में संस्थागत चपलता और परिपक्वता को दर्शाता है।" उन्होंने आगे कहा कि यह भी कहा कि वैश्विक उथल-पुथल भारत के लिए एक अवसर प्रदान कर सकती है।


Similar News