निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में अनियमितताओं के आरोपों पर सात सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों को निलंबित किया
निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में अनियमितताओं के अनेक आरोपों पर सात सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। कैनिंग पुरबा से दो और सूती, मैनागुरी, शमशेरगंज, देबरा और फरक्का निर्वाचन क्षेत्रों से एक-एक अधिकारी निलंबित किए गए हैं। आयोग ने निर्देश दिया है कि निलंबित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही तत्काल शुरू की जाए और इस संबंध में आयोग को सूचित किया जाए। इस संबंध में राज्य के मुख्य सचिव को पत्र लिखा गया है।
पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि मतदाता सूची के गहन पुनिरीक्षण-एसआईआर प्रक्रिया में शामिल इन अधिकारियों के गंभीर कदाचार, कर्तव्य की उपेक्षा और वैधानिक अधिकार के दुरुपयोग के साक्ष्य मिले हैं। इस बीच, सर्वोच्च न्यायालय के 9 फरवरी के निर्देश के अनुपालन में, निर्वाचन आयोग ने एसआईआर प्रक्रिया से संबंधित सभी आपत्तियों के निपटान के संबंध में कडा संदेश जारी किया है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखे एक अलग पत्र में कहा गया है कि प्रस्तुत किए गए सभी फॉर्म-7 को तुरंत संबंधित ईआरओ और एईआरओ को भेजा जाना चाहिए। प्रत्येक आपत्ति का समाधान कानून के अनुसार कडाई से किया जाना चाहिए।