आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में मिलन 2026 नौसैनिक अभ्यास के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आसियान के 9 सदस्य देशों के नौसेना प्रमुखों और प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि यह बैठक भारत की 'एक्ट ईस्ट नीति' और क्षेत्रीय सुरक्षा व विकास के विजन को मजबूत करती है। रक्षा मंत्री ने बताया कि मिलन अभ्यास 1995 में 4 देशों से शुरू हुआ था और अब 2026 में 74 देशों की भागीदारी के साथ सबसे बड़े रूप में आयोजित हो रहा है।
उन्होंने इंडियन ओशन नेवल संगोष्ठी और इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू 2026 को आपसी भरोसा बढ़ाने में महत्वपूर्ण बताया। बैठक में समुद्री सुरक्षा, पनडुब्बी रोधी अभ्यास, हवाई रक्षा और सर्च एंड रेस्क्यू जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। रक्षा मंत्री ने 'आत्मनिर्भर भारत' के तहत विकसित आईएनएस विक्रांत और विशाखापत्तनम श्रेणी के विध्वंसकों का जिक्र किया। अंत में सभी ने मुक्त और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।