प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें की। प्रधानमंत्री ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, अबू धाबी के युवराज शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद, नीदरलैंड के प्रधानमंत्री डिक शूफ़, स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गी पॉहमेलॉ और ग्रीस के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोटाकिस से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री मोदी और अबू धाबी के युवराज ने विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा की। दोनों पक्षों ने पारंपरिक और नए सहयोग क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के नई पहलों का स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड के प्रधानमंत्री डिक शूफ़ के साथ आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन के लिए एआई का उपयोग करने के दृष्टिकोण पर विचार विमर्श किया। उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के शीघ्र कार्यान्वयन के लिए काम करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। दानों नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने की भी प्रतिबद्धता जताई।
श्री मोदी और स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गी पॉहमेलॉ ने व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी सहित आर्थिक क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने और एआई नवाचार में भविष्य के लिए तैयार साझेदारियों पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी और ग्रीस के प्रधानमंत्री क्यारियाकोस मित्सोटाकिस ने भारत-ग्रीस रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। श्री मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को दिए गए मजबूत समर्थन के लिए श्री मित्सोटाकिस को धन्यवाद भी दिया।