केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा नई दिल्ली में समग्र शिशु बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम का करेंगे शुभारंभ
केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा आज नई दिल्ली में समग्र शिशु बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। यह कार्यक्रम केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण परिषद के 16वें सम्मेलन में शुरू किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, यह योजना “पहले तीन साल, संपूर्ण देखभाल” की सोच पर आधारित है। इसका मकसद जन्म से तीन साल तक के बच्चों को घर के पास बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना है।
इस योजना के तहत नवजात और छोटे बच्चों की घर-घर जाकर देखभाल की मौजूदा योजनाओं को एक साथ जोड़ा जाएगा। जरूरतमंद बच्चों पर विशेष नजर रखी जाएगी और उनकी नियमित स्वास्थ्य जांच की जाएगी।
इस कार्यक्रम में बच्चों के शुरुआती विकास, माताओं के मानसिक स्वास्थ्य की जांच और डिजिटल माध्यम से निगरानी की भी व्यवस्था होगी। यह योजना शहरों की झुग्गी-बस्तियों, प्रवासी और वंचित समुदायों के बच्चों तक भी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में मदद करेगी।