बेंगलुरु की एक खदान में भारी चट्टान गिरने से सात प्रवासी मजदूरों की मौत, पीएम मोदी ने संवेदना व्यक्त की
बेंगलुरु दक्षिण तालुक में एक चट्टान के गिरने से सात प्रवासी श्रमिकों की मौत हो गई। दुर्घटना उस समय हुई जब मदपटना गांव स्थित कावेरी क्रशर पत्थर खदान में एक विशाल चट्टान नीचे खदान में गिर गई, जहां मजदूर काम कर रहे थे। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और खदान के मालिकों की तलाश जारी है। मृतकों में बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तरी कर्नाटक के निवासी थे। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डॉ. जी परमेश्वर ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए खदान मालिकों के खिलाफ उचित कार्रवाई का निर्देश दिया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्नाटक के बेंगलुरु की पत्थर की खदान में हुई दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।