प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जोधपुर में संशोधित उड़ान योजना को लॉन्च करेंगे, जिसमें क्षेत्रीय संपर्क पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे भारतीय विमानन क्षेत्र को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा और नागरिक विमानन के परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा, साथ ही "उड़े देश का आम नागरिक" के विजन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस योजना के तहत 28,840 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है, जिसका उद्देश्य अगले 10 वर्षों में विमानन-आधारित विकास को गति देना है। यह रणनीतिक पहल सुनिश्चित करेगी कि देश भर में व्यापक और स्थायी कनेक्टिविटी कायम रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जोधपुर हवाई अड्डे पर नए टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन करेंगे।
इसके साथ ही वे बालोतरा में लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन और आधारशिला रखेंगे। ये परियोजनाएं पेट्रोकेमिकल्स, शहरी परिवहन, रेलवे, सड़कों, नवीकरणीय ऊर्जा और विद्युत पारेषण सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी हुई हैं। वे बालोतरा के पचपदरा में देश के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। परियोजना भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, पेट्रोकेमिकल आत्मनिर्भरता बढ़ाने और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है।