प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी सोमवार से इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की छह दिन की यात्रा पर रहेंगे

Update: 2026-07-04 04:57 GMT



प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी सोमवार से इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की छह दिन की यात्रा पर रहेंगे। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में विदेश मंत्रालय में पूर्वी देशों के मामलों के सचिव, रुद्रेंद्र टंडन ने बताया कि श्री मोदी 6 से 8 जुलाई तक इंडोनेशिया में रहेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की यह इंडोनेशिया की चौथी यात्रा है। इस दौरान, श्री मोदी इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगे। मुख्य कार्यक्रम जकार्ता में होगा। प्रधानमंत्री जकार्ता में, भारतीय समुदाय से भी संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी का सांस्कृतिक और ऐतिहासिक शहर, योग्याकार्ता जाने का भी कार्यक्रम है। योग्याकार्ता में, श्री मोदी प्रंबानन मंदिर भी जाएंगे। श्री टंडन ने बताया कि मलक्का जलडमरूमध्य, समुद्री क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता में इंडोनेशिया ने हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्‍होंने कहा कि यह भारत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण समुद्री क्षेत्र है।



श्री टंडन ने कहा कि यात्रा के दूसरे चरण में 8 से 10 जुलाई तक प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया में रहेंगे। श्री मोदी मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री, एंथनी अल्बानीज़ के साथ तीसरे भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। श्री टंडन ने कहा दोनों नेता इस दौरान आपसी हित के द्विपक्षीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में भी भाग लेंगे। प्रधानमंत्री का भारतीय प्रवासी समुदाय को भी संबोधित करने का कार्यक्रम है।



यात्रा के समापन में श्री मोदी 10 से 11 जुलाई तक न्यूजीलैंड जाएंगे। इस दौरान वे न्‍यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन से बातचीत करेंगे। दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। श्री टंडन ने कहा कि न्यूजीलैंड का यह दौरा किसी भारतीय प्रधानमंत्री की 40 वर्षों में पहली यात्रा होगी। प्रधानमंत्री मोदी इस दौरान प्रमुख व्यापार और खेल जगत की हस्तियों से भी बातचीत करेंगे। श्री मोदी भारतीय समुदाय से भी बातचीत करेंगे।

Similar News