पश्चिम एशिया दौरे पर डॉ. एस. जयशंकर, विदेश मंत्रियों से करेंगे मुलाकात

Update: 2026-07-05 06:20 GMT



विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर आज से 10 जुलाई तक कतर, बहरीन, कुवैत और ओमान की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान डॉ. जयशंकर इन देशों के विदेश मंत्रियों और नेताओं से मुलाकात करेंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और खाड़ी देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक, व्यापारिक तथा सामरिक सहयोग को नई गति देना है। इसके अलावा क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों के साथ-साथ पारस्परिक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।

ओमान यात्रा के बाद विदेश मंत्री 13 जुलाई को न्यूयॉर्क पहुंचेंगे, जहां वे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में वर्ष 2028-29 के अस्थायी सदस्य के रूप में भारत की उम्मीदवारी के लिए आधिकारिक अभियान की शुरुआत करेंगे।

इसके बाद डॉ. जयशंकर 14 और 15 जुलाई को ब्रुसेल्स में आयोजित तीसरी भारत-यूरोपीय संघ व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद (India-European Union Trade and Technology Council) की बैठक में भाग लेंगे। इस दौरान वे यूरोपीय संघ और बेल्जियम के विदेश मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।


Similar News