वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से एनआरआई तक अपनी पहुंच बढ़ाने को कहा
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से प्रवासी भारतीयों (एनआरआई) तक अपनी पहुंच बढ़ाने और नए जमा उत्पाद शुरू करने को कहा है। नई दिल्ली में बैंकों और सार्वजनिक वित्तीय संस्थानों के प्रबंध निदेशकों और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ बातचीत में उन्होंने धन जुटाने की गति को बनाए रखने के लिए एनआरआई तक पहुंच बढ़ाने पर भी बल दिया।
इस दौरान, बैंकों और सार्वजनिक वित्तीय संस्थानों के प्रबंध निदेशकों और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों ने वित्तमंत्री को आरबीआई की स्वैप सुविधा योजनाओं के अंतर्गत हुई प्रगति से अवगत कराया। बैंकों और सार्वजनिक वित्तीय संस्थानों की भागीदारी विदेशी मुद्रा प्रवाह जुटाने में स्वैप सुविधाओं की प्रभावशीलता को रेखांकित करती है। उनकी भागीदारी देश के विदेशी मुद्रा भंडार को भी मजबूत करती है और वैश्विक अनिश्चितता के बीच देश को मजबूत करती है।