आज हरियाणा में देश की पहली हाइड्रोजन रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाएंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब का दौरा करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री हरियाणा में जींद रेलवे स्टेशन पर जींद और सोनीपत के बीच पहली हाइड्रोजन से चलने वाली रेलगाड़ी को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। प्रधानमंत्री जींद के एकलव्य स्टेडियम में लगभग 14 हजार 700 करोड़ रूपए की विभिन्न विकास परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे और शिलान्यास करेंगे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। हाइड्रोजन से चलने वाली पहली ट्रेन का शुभारंभ रेलवे क्षेत्र में स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन को अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भारत में ही डिजाइन, इंजीनियरिंग और एकीकृत की गई यह रेलगाड़ी स्वदेशी तकनीक का उपयोग करके विकसित की गई है।
यह उन्नत रेलवे इंजीनियरिंग में देश की बढ़ती क्षमताओं को दर्शाती है। इसके साथ ही भारत उन चुनिंदा देशों के समूह में शामिल हो गया है जिनके पास हाइड्रोजन से चलने वाली रेलगाडिया़ं परिचालन में हैं। इनमें जर्मनी, जापान, चीन और संयुक्त राज्य अमरीका शामिल हैं।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जींद के बाद चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे।
प्रधानमंत्री चंडीगढ़ में चार हजार सात सौ करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे जनसभा को संबोधित भी करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री पंजाब के जालंधर जाएंगे, जहां वे पांच हजार 470 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे।
आज अपने दौरों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि वे आज हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के लोगों के बीच विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने को लेकर उत्साहित हैं। श्री मोदी यहां रेलवे, स्वास्थ्य सेवाओं, संस्कृति, संपर्क सुविधा, शिक्षा और अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं का लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इनका सबसे अधिक लाभ देश की युवा शक्ति को मिलेगा।