भारत के मानव अंतरिक्ष मिशन 'गगनयान' की तैयारियों के बीच स्पेस मेडिसिन और बायोएस्ट्रोनॉटिक्स के क्षेत्र में एक बड़ी पहल की गई है। देश में पहली बार श्री चित्रा तिरुनल इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेज़ एंड टेक्नोलॉजी और इसरो के ह्यूमन स्पेस फ्लाइट सेंटर ने मिलकर पोस्ट डॉक्टोरल फेलोशिप प्रोग्राम इन बायोएस्ट्रोनॉटिक्स शुरू किया है। दोनों संस्थानों के बीच हुए समझौते के तहत स्पेस मेडिसिन रिसर्च सेंटर की भी स्थापना की गई है।
यह दो वर्षीय फेलोशिप अंतरिक्ष यात्रा के दौरान मानव शरीर पर पड़ने वाले प्रभावों के अध्ययन और भविष्य के भारतीय मानव अंतरिक्ष अभियानों के लिए विशेषज्ञ वैज्ञानिक तैयार करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।