विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने पनामा के विदेश मंत्री से नई दिल्ली में मुलाकात की
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में पनामा के अपने समकक्ष हावियेर एडुआर्डो मार्टिनेज-आचा वास्केज़ से मुलाकात की। कल हुई इस बैठक में, डॉ. जयशंकर ने लैटिन अमरीका और कैरिबियन क्षेत्र के लिए प्रवेश द्वार के तौर पर पनामा के साथ भारत के संबंधों को और गहरा करने के महत्व पर ज़ोर दिया। दोनों नेताओं ने व्यापार, कारोबार, विकास, समुद्री मामलों, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा और डिजिटल सहयोग को आगे बढ़ाने सहित कई मुद्दों पर व्यापक चर्चा की। उन्होंने बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग के बारे में भी बात की। इससे पहले, विदेश मंत्री ने भरोसा जताया कि पनामा के विदेश मंत्री हावियेर एडुआर्डो मार्टिनेज-आचा वास्केज़ की यात्रा सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मज़बूत करेगी।
पनामा के विदेश मंत्री के साथ बैठक में अपनी शुरुआती टिप्पणी के दौरान, डॉ. जयशंकर ने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच हाल ही में हुई उच्च-स्तरीय बातचीत और मुलाकातों के सिलसिले को आगे बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारें और उनके नेता भारत-पनामा साझेदारी को गहरा और व्यापक बनाने के लिए उत्सुक हैं।
विदेश मंत्री ने कहा कि भारत पनामा के साथ करीबी संबंध बनाने का इच्छुक है और उन्होंने पनामा की रणनीतिक स्थिति के साथ-साथ उसकी आर्थिक स्थिरता और क्षमता पर भी ज़ोर दिया। उन्होंने आगे भरोसा जताया कि इस यात्रा के दौरान हुई बातचीत से आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे।