अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले की एसआईटी और पुलिस जांच के बीच अयोध्या के मणिराम दास छावनी में महत्वपूर्ण बैठकें होने जा रही हैं। आज होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में संगठनात्मक ढांचे और मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
बैठक में शामिल होने के लिए राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों का अयोध्या आगमन शुरू हो चुका है। बताया जा रहा है कि बैठक में मंदिर के चढ़ावे की गणना, लेखा प्रणाली, बैंकिंग व्यवस्था, निगरानी तंत्र और कर्मचारियों की जिम्मेदारियों को लेकर नई व्यवस्थाओं पर चर्चा होगी।
बैठक में राम मंदिर में नोटों की काउंटिंग और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की जाएगी। साथ ही ट्रस्ट के नए महासचिव के चयन के साथ ही खाली पड़े दो अन्य महत्वपूर्ण पदों को भरने पर भी निर्णय होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का नया महासचिव विश्व हिंदू परिषद का ही होगा, यह लगभग तय हो चुका है।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में सामने आए चढ़ावा चोरी प्रकरण और उसके बाद हुई जांच के मद्देनजर ट्रस्ट अब प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। इसी क्रम में नई कार्यप्रणाली, जवाबदेही बढ़ाने और वित्तीय निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत मंथन होगा। राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय व सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्र के इस्तीफे के बाद खाली पड़े पदों पर नए नामों की घोषणा की जाएगी।