राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मोल्दोवा, उत्तर मैसिडोनिया और रोमानिया की राजकीय यात्रा संपन्न कर नई दिल्ली लौटीं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मोल्दोवा, उत्तर मैसिडोनिया और रोमानिया की राजकीय यात्रा संपन्न कर आज सुबह नई दिल्ली लौट आईं हैं। यात्रा के दौरान राष्ट्रपति ने तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने के साथ-साथ व्यापार, शिक्षा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, नवाचार और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
यह मोल्दोवा और उत्तर मैसिडोनिया की किसी भारतीय राष्ट्रपति की पहली राजकीय यात्रा थी, जबकि रोमानिया की तीन दशक से अधिक समय बाद किसी भारतीय राष्ट्रपति की पहली राजकीय यात्रा रही।
राष्ट्रपति ने व्यापारिक मंचों को भी संबोधित किया, भारतीय समुदाय से मुलाकात की। रोमानिया में बुखारेस्ट यूनिवर्सिटी ऑफ इकोनॉमिक स्टडीज़ ने राष्ट्रपति को मानद सम्मान से भी सम्मानित किया।