सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर राजधानी पटना समेत पूरे बिहार के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना कर रहे हैं।

अंतिम सोमवारी को लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने व्रत रखा और भगवान शिव की आराधना की। भक्तों ने शिवलिंग पर बेलपत्र, फूल, धतूरा और गंगाजल अर्पित कर सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली की कामना की।

पटना के प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज रहे हैं। अंतिम सोमवारी के मद्देनजर विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भव्य सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर पूरे राज्य में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है। शिवालयों में उमड़ी भीड़ के बीच श्रद्धालु श्रद्धा और आस्था के साथ भगवान शिव का दर्शन एवं पूजन कर रहे हैं।