प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि उज्‍बेकिस्तान में भारत की संस्कृति, इतिहास, भाषाओं और विचारों के प्रति लोगों का लगाव लगातार बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीड‍िया पोस्‍ट में ताशकंद यात्रा का ज‍िक्र क‍िया।

श्री मोदी ने कहा कि ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज के महात्मा गांधी सेंटर का दौरा कई कारणो से महत्‍वपूर्ण और रोचक रहा। उन्‍होंने कहा कि वहां भारत से जुड़े एक जीवंत और सक्रिय माहौल देखने को मिला। भारत के बारे में जानने और समझने के लिए छात्रों और शिक्षकों में गहरा उत्साह नजर आया। उन्‍होंने कहा कि महात्मा गांधी के जीवन और विचारों पर काफी व्यापक और सराहनीय काम किया जा रहा है। तमिल भाषा और संस्कृति के प्रति भी बढ़ती रुचि देखने को मिली। प्रधानमंत्री ने कहा कि छात्रों ने मेरी लिखी कुछ कविताओं की पंक्तियां भी सुनाईं, जो मेरे लिए एक बहुत ही खास अनुभव रहा।

श्री मोदी ने ताशकंद यात्रा के दौरान शास्त्री मेमोरियल पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री मोदी का शानदार स्वागत किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ताशकंद में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने ताशकंद में राष्ट्रपति भवन में उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की और द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की।

राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ व्यापार और निवेश, महत्वपूर्ण खनिज, रक्षा और सुरक्षा, नवाचार और स्टार्टअप, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना और यूपीआई, स्वास्थ्य सेवा और फार्मास्यूटिकल्स, कृषि, शिक्षा, पर्यटन, अंतरिक्ष और जन-संबंधों पर व्यापक चर्चा की गई।