पीएम मोदी आज महिला और बाल विकास पर विभागीय शिखर सम्मेलन के समापन सत्र में शामिल होंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में महिला तथा बाल विकास विभाग के दो दिन के शिखर सम्मेलन के समापन सत्र में शामिल होंगे। यह सम्मेलन कल शुरू हुआ था। इसमें सभी राज्यों के राजनीतिक नेतृत्व और महिला तथा बाल विकास क्षेत्र से जुड़े अधिकारी भाग ले रहे हैं।
प्रधानमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप आयोजित किए जा रहे विभागीय शिखर सम्मेलनों की श्रृंखला में यह दूसरा सम्मेलन है। इसका उद्देश्य सहकारी संघवाद को मजबूत करना, राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना और केंद्र तथा राज्यों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से लक्ष्यों की प्राप्ति में तेजी लाना है।
सम्मेलन में चार प्रमुख विषयों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। इनमें पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, बाल संरक्षण तथा महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण शामिल हैं।
विभागीय शिखर सम्मेलन की इस पहल के अंतर्गत केंद्र और राज्य सरकारों के विभिन्न हितधारक एक मंच पर एकत्रित होकर क्षेत्रीय प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श कर रहे हैं। इसके साथ ही, बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने, योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली चुनौतियों का समाधान तलाशने और सुशासन तथा सेवा वितरण में सुधार के लिए समयबद्ध कार्रवाई पर सहमति बनाने पर भी बल दिया जा रहा है।