कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद दो दिवसीय भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंच गई हैं। इस दौरान वह भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगी। बैठक में दोनों देशों के साझा हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। इनमें व्यापार, ऊर्जा, लोगों के बीच संपर्क तथा सुरक्षा और रक्षा सहयोग जैसे प्रमुख विषय शामिल हैं।

भारत यात्रा के दौरान अनीता आनंद ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम के एक पैनल में भी हिस्सा लेंगी।

उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत और कनाडा इस साल के अंत तक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट-CEPA) पर वार्ता पूरी करने के प्रयास कर रहे हैं।

वर्ष 2025 में कनाडा की विदेश मंत्री बनने के बाद अनीता आनंद की यह तीसरी भारत यात्रा है। वह अक्टूबर 2025 में भारत आई थीं। इसके बाद मार्च 2026 में उन्होंने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ भारत का दौरा किया था।