प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क आज तीन दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचेंगे। 21 से 23 अक्टूबर तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरे का उद्देश्य भारत-पोलैंड रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना, व्यापार, निवेश, रक्षा, उभरती प्रौद्योगिकियों और नवीकरणीय ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को नई गति देना है।

प्रधानमंत्री टस्क के साथ पोलैंड के वित्त एवं अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेज डोमांस्की और एक बड़ा व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आएगा। यात्रा के दौरान दोनों देशों के शीर्ष नेता द्विपक्षीय संबंधों के सभी प्रमुख पहलुओं की समीक्षा करेंगे। साथ ही, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा। अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पोलैंड यात्रा के दौरान भारत और पोलैंड के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया गया था।

डोनाल्ड टस्क की मौजूदा यात्रा को इस साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह दौरा भारत और यूरोपीय संघ के बीच रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के लिहाज से भी अहम होगा। पोलैंड यूरोपीय संघ का सदस्य है और दोनों देशों के बीच बढ़ता सहयोग भारत-यूरोप संबंधों को नई दिशा देने में मददगार साबित हो सकता है। टस्क 22 अक्टूबर को नई दिल्ली में और 23 अक्टूबर को बेंगलुरु में 'भारत-पोलैंड व्यापार मंच'में भी हिस्सा लेंगे।

यहां वे सूचना प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष क्षेत्र और अन्य प्रमुख उद्योगों से जुड़े व्यावसायिक हितधारकों के साथ बातचीत करेंगे। पोलैंड के प्रधानमंत्री के रूप में डोनाल्ड टस्क की यह दूसरी भारत यात्रा होगी। इससे पहले वे 2010 में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान भारत आए थे। इसके अलावा, उन्होंने 2017 में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष के रूप में भारत-यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली का दौरा किया था।