रिसर्च स्कॉलर्स को दी जाने वाली स्कॉलरशिप ₹16,000 से बढ़ाकर ₹25,000 प्रति माह की जाएगी : मुख्यमंत्री डॉ यादव
भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कल भोपाल के लाल परेड मैदान में सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026 का शुभारंभ किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवाओं से विभिन्न विषयों पर सीधा संवाद किया। साथ ही, सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत ‘मध्यप्रदेश-सेवा फर्स्ट-इनोवेशन चौलेंज’ के पंजीयन का शुभारंभ किया और उच्च शिक्षा एवं तकनीकी विकास पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम में पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल एवं कबीर कैफे ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से युवाओं में उत्साह का संचार किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के सभी जिलों के शासकीय महाविद्यालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था करेगी। रिसर्च स्कॉलर्स को दी जाने वाली स्कॉलरशिप ₹16,000 से बढ़ाकर ₹25,000 प्रति माह की जाएगी। साथ ही, शासकीय महाविद्यालयों में अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं एडवांस्ड कंप्यूटिंग लैब स्थापित की जाएंगी। युवाओं के नवाचार और स्टार्टअप आइडिया को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तर पर ₹5 करोड़ का आइडिया फंड बनाया जाएगा।