सिंगापुर यात्रा में छत्तीसगढ़ को मिले ₹43,600 करोड़ के एफडीआई निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ ने कौशल विकास और निवेश के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण समझौते किए। सिंगापुर की आईटीई एजुकेशन सर्विसेज के साथ तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण के लिए समझौता हुआ। वहीं एग्रो और फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में 350 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव का भी उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात कर निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक में सहयोग पर चर्चा की।
ग्लोबल फाइनेंस एंड टेक्नोलॉजी नेटवर्क के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल वित्त में प्रशिक्षण देने, स्टार्टअप को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने तथा टेक लैब स्थापित करने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से भी निवेश की संभावनाओं पर बातचीत की। इस यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को मिले एफडीआई निवेश प्रस्तावों की राशि 43 हजार 600 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।