महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना अध्यक्ष राज ठाकरे के बयान से परेशान होकर उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री पाटिल ने की इस्तीफे की पेशकश

Update: 2021-08-11 11:18 GMT

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज ठाकरे हमेशा से अपने भाषणों को लेकर चर्चित रहते हैं। राज ठाकरे के जहरीले भाषणों के मुद्दों पर महाराष्ट्र के मंत्रिमंडल में दरार होती नजर आ रही है। विवाद के अधिक बढ़ने के बाद राज्य के उप मुख्यमंत्री और गृहमंत्री आर आर पाटिल ने इस दौरान इस्तीफे की पेशकश की है। बता दें कि मंगलवार को कैबिनेट की बैठक के दौरान ही केंद्रीय मंत्री शरद पवार के भतीजे अजीत पवार ने पाटिल पर राज ठाकरे के मुद्दे पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाया, जिसके बाद पाटिल नाराज होकर इस्तीफा देना चाहते हैं।

गौरतलब है कि बीते दिनों राज ठाकरे ने अपनी पार्टी की रैली में उत्तर भारतीयों के खिलाफ जहर उगला। इस मामले में राज के खिलाफ कार्रवाई की मांग जोर पकड़ने लगी है। ऐसी मांग करने वालों में सरकार में शामिल नेता भी शामिल हैं। यही वजह है कि मंगलवार को जब कैबिनेट में राज के मुद्दे पर चर्चा शुरु हुई तो अचानक अधिकारियों को बाहर जाने के लिए कह दिया गया। इसके बाद कैबिनेट के अंदर जमकर तकरार हुई। महाराष्ट्र में मंत्री और शरद पवार के भतीजे अजीत पवार ने पाटिल को निशाना बनाया।

बताते चलें कि अजीत पवार ने पाटिल पर आरोप लगाया कि वे राज के मुद्दे पर वो ठीक से कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इससे नाराज पाटिल ने अपने इस्तीफे की पेशकश कर दी। पाटिल ने कहा, मैं पद छोड़ देता हूं। जिसको आकर संभालना है, वो संभाल कर दिखाए। मैं इस्तीफा दे दूंगा। जिसके बाद तकरार इतनी बढ़ गई कि राज्य के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख को इस मामले में दखल देना पड़ा। असल में राज के राग का असर महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है।

नेहा शाह

Similar News