गोंडा के विकासखंड वजीरगंज के अरगा पार्वती पक्षी विहार में अंतर्राष्ट्रीय वेटलैंड डे पर बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। कार्यक्रम में गोंडा के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान और केंद्र सरकार के कई मंत्री उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अरगा पार्वती झील वास्तव में प्राकृतिक मूल स्वरूप का हम सब का ध्यान आकर्षित करती है। इसका बड़ा एरिया है, यह भारत के उस विरासत का प्रतीक है, जो घाघरा और सरयू के कारण सैकड़ो वर्ष पूर्व प्राकृतिक रूप से झील बनी है।
देश की आजादी के बाद 65 वर्षों में 23 वेटलैंड चिह्नित किये गये थे। लेकिन पिछले 10 वर्षों में 89 वेटलैंड हो गये हैं। उन्होंने कहा कि यह वेटलैंड अयोध्या से मात्र 20 किलोमीटर दूर होने के कारण इसको कॉरिडोर के रूप में विकसित कर पर्यटकों के लिए दर्शनीय स्थल बनाया जाएगा।
वहीं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने गोंडा में मुख्यमंत्री द्वारा किए गए विकास कार्यों की तारीफ की और मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस वेटलैंड को भी मुख्यमंत्री के सहयोग से विकसित किया जाएगा।