कृषि को उन्नत बनाने निकट भविष्य में राज्यों के कृषि मंत्री मध्यप्रदेश में संयुक्त बैठक कर विचार-विमर्श करेंगे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय मंत्रियों के साथ भेंट कर, राज्य हित के विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्रीय मंत्रियों से भेंट के बाद इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए कहा कि उनका नई दिल्ली प्रवास बहुत सफल रहा।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि केन्द्रीय कृषि और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ किसानों की आय वृद्धि और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने पर बातचीत हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश में किसान कल्याण वर्ष-2026 के अंतर्गत 17 विभागों के सहयोग और समन्वय से संचालित कृषक कल्याण अभियान की जानकारी केन्द्रीय कृषि मंत्री को दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि सोयाबीन उत्पाद किसानों के लिए भावांतर योजना के सफल क्रियान्वयन के साथ ही सरसों के लिए भी योजना का लाभ लेने पर सहमति देनी होगी। प्रदेश में तुअर दाल की 55 इकाइयों की स्थापना के लिए चर्चा हुई। भारत सरकार द्वारा तिलहन का रकबा बढ़ाने और उत्पादित दाल की खरीदी व्यवस्थाओं को और अधिक सशक्त बनाने पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि केंद्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय से प्रधानमंत्री सड़क योजना और अन्य ग्रामीण आवास योजनाओं के लिए सहयोग प्राप्त करने पर भी चर्चा हुई।मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने बताया कि कृषि क्षेत्र को उन्नत बनाने के लिए निकट भविष्य में राज्यों के कृषि मंत्री मध्यप्रदेश में संयुक्त बैठक कर विचार-विमर्श करेंगे। कृषि विज्ञान केन्द्रों की भूमिका और कृषि तकनीक सहित किसानों के हित से संबंधित महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर इस बैठक में चर्चा होगी।