मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतम बुद्ध नगर जिले में कई परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

Update: 2025-03-08 14:01 GMT



 गौतम बुद्ध नगर। मुख्यमंत्री योगी शनिवार को गौतम बुद्ध नगर जिले का दौरा किया और कई परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण भी किया। मुख्यमत्री ने सुबह नोएडा के सेक्टर-145 में माइक्रोसॉफ्ट के सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट सेंटर का भूमि पूजन किया और सेक्टर-132 में सिफी के डाटा सेंटर का लोकार्पण किया। इसके बाद ग्रेटर नोएडा में शारदा ग्रुप के नॉलेज पार्क स्थित नवनिर्मित 600 बिस्तरों वाले शारदा केयर,हेल्थ सिटी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का लोकार्पण किया। उसके बाद दादरी विधान सभा में स्थित एनटीपीसी में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान दादरी में 1467 करोड़ की 97 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। सिफी डाटा सेंटर का उद्घाटन करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमने वैश्विक परिदृश्य के अनुरूप आज के आधुनिक युग और युवाओं की जरूरत के अनुसार शोध एवं विकास के माध्यम से नीतियां बनाई हैं...

आज हमने व्यापार करने में आसानी के मामले में एक बड़ी छलांग लगाई है। देश में सबसे ज्यादा उपलब्धि हासिल करने वाले राज्य के रूप में उत्तर प्रदेश व्यापार करने में आसानी के लिए 500 से अधिक सिंगल विंडो बना रहा है। हमने एमओयू की निगरानी के लिए निवेश सारथी पोर्टल के माध्यम से इसे आगे बढ़ाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहा कि नवनिर्मित शारदा केयर हेल्थ सिटी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के 600 बेड होने के साथ कुल 1800 बेड हो गया है। सभी सुपर स्पेशियलिटी सुविधा हैं। यूपी के वासियों को एम्स जाने पर मजबूर होना पड़ता था।

वह अब ग्रेटर नोएडा में इलाज करा सकेंगे। शारदा ग्रुप ने अच्छे प्रयास किए हैं। अब कोई बाहर नहीं जाएगा। एनसीआर के लोगों को जो सुविधा चाहिए थी, स्वास्थ्य क्षेत्र में, वो शारदा में अब मिलेगी। कोविड काल में शारदा ग्रुप ने सरकार के साथ मिल अच्छी सेवा और सुविधा दी। 400 बेड शुरू में दिए। जिससे सरकार और लोगों को बहुत मदद मिली। राष्ट्रनायकों से वर्तमान पीढ़ी को लेनी चाहिए प्रेरणा मुख्यमंत्री ने कहा कि अकबर कभी नायक नहीं हो सकता। चाहे अकबर हो या औरंगजेब, इनकी हिंदुओं के प्रति मानसिकता एक जैसी थी। इन्होंने भारत की सनातन परंपरा को रौंदने के लिए तमाम षड्यंत्र रचे। इसके विपरीत, महाराणा प्रताप ने अपने बलिदान से सनातन संस्कृति की रक्षा की। योगी ने छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोविंद सिंह का भी उल्लेख किया और कहा कि ये राष्ट्रनायक हमारी प्रेरणा हैं। जो इनका सम्मान नहीं करते, वे विकृत मानसिकता के शिकार हैं और उन्हें उपचार की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान पीढ़ी को इन महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। महाराणा प्रताप का योगदान हमें सिखाता है कि स्वाभिमान और स्वधर्म से समझौता नहीं करना चाहिए।

यही कारण है कि पूरा देश उन्हें याद करता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ग्रेटर नोएडा के दादरी में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद जनसभा को संबोधित करने के लिए पहुंचे। अपने संबोधन में उन्होंने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के बलिदान और राष्ट्रभक्ति की मिसाल को याद करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप ने स्वदेश और स्वधर्म की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप के जीवन से हमें राष्ट्र के प्रति समर्पण और संघर्ष की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि हल्दीघाटी का युद्ध महाराणा प्रताप को एक महानायक के रूप में स्थापित करता है। मात्र 20 हजार सैनिकों के साथ उन्होंने मुगल सम्राट अकबर की लाखों की सेना का सामना किया।

उन्होंने कहा कि अकबर और औरंगजेब कभी भी भारत के नायक नहीं हो सकते, क्योंकि उन्होंने राष्ट्र की आत्मा को आघात पहुंचाने का कार्य किया। सीएम ने कहा कि स्वतंत्र भारत में राष्ट्र नायकों की प्रेरणा के बल पर ही हम आगे बढ़ रहे हैं। जेवर में फिल्म सिटी और एयरपोर्ट बन रही है। विकास के नए युग में जिला प्रवेश कर चुका है। पूरे देश का 65 प्रतिशत मोबाइल का मैन्युफैक्चरिंग जिले में हो रहा है। किसान के जीवन में खुशहाली आए इस दिशा में सरकार अग्रसर हैं। बेहतरीन सुरक्षा का माहौल बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। सीएम ने महिला दिवस और होली की शुभकामनाएं लोगों को दी।

Similar News