पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर लखनऊ की महानिरीक्षक महोदया मीनू चौधरी ने वीर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 जवानों ने मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे।
उन्हीं की स्मृति में प्रतिवर्ष यह दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष सीमाओं की सुरक्षा, आतंकवाद एवं नक्सलवाद से मुकाबले, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपदा प्रबंधन के दौरान केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों एवं राज्य पुलिस बलों के 154 जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने शहीदों के परिजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए राष्ट्रहित में कर्तव्यनिष्ठा और साहस के साथ कार्य करने का संकल्प दिलाया।