कैमूर:वज्रपात से 3 महिलाओं की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल

  • whatsapp
  • Telegram
कैमूर:वज्रपात से 3 महिलाओं की मौत, 4 गंभीर रूप से घायल
X



कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के कुरई गांव में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब हल्की बारिश के दौरान खेतों की ओर जा रही महिलाओं के एक समूह पर आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। यह सभी महिलाएं धान की सोहनी (निराई) के लिए खेतों में जा रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय एक दर्जन से अधिक महिलाएं खेतों की ओर बढ़ रही थीं, तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे उनके ऊपर आ गिरी। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।



मृतकों की पहचान कुरई गांव निवासी मनोज राम की पत्नी कुमारी देवी, मदन राम की पत्नी परमशीला देवी और अशोक राम की पत्नी मंगरी देवी के रूप में की गई है। वहीं, झुलसी हुई महिलाओं में रोहित राम की पत्नी मीरा देवी (32 वर्ष), चंद्र राम की पत्नी जानकी देवी (45 वर्ष), श्री राम की पत्नी कुंती देवी (50 वर्ष) और मदन राम की पत्नी गीता देवी (35 वर्ष) शामिल हैं। सभी घायलों को सासाराम सदर अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।



घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया थाना अध्यक्ष प्रियेश प्रियदर्शी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू करवाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही मोहनिया की विधायक संगीता कुमारी भी घटनास्थल पर पहुंचीं और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने इसे हृदयविदारक दुर्घटना बताते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को आपदा राहत कोष के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था की जा रही है। इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Next Story
Share it