झारखंड: चतरा में एयर एंबुलेंस दुर्घटना में 7 की मौत

  • whatsapp
  • Telegram
झारखंड: चतरा में एयर एंबुलेंस दुर्घटना में 7 की मौत
X



झारखंड के चतरा में सोमवार शाम एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार मरीज और डॉक्टर समेत सात लोगों की मौत हो गई है। एंबुलेंस ने रांची से मरीज को लेकर दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। नागर विमानन महानिदेशालय यानी DGCA ने एक बयान जारी कर कहा कि रेड बर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट सी 90 विमान रांची-दिल्ली मार्ग पर एयर एम्बुलेंस के तौर पर उड़ान संचालित कर रहा था। यह विमान झारखंड के चतरा जिले की कसरिया पंचायत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में दो चालक दल के सदस्यों सहित सात लोग सवार थे।

डीजीसीए ने कहा है कि विमान ने शाम 7 बजकर 11 मिनट पर रांची से उड़ान भरी थी। कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क स्थापित करने के बाद विमान ने खराब मौसम के कारण मार्ग परिवर्तन का अनुरोध किया।

उड़ान के दौरान विमान का आखिरी संपर्क शाम 7 बजकर 34 मिनट पर कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल से हुआ। इसके बाद विमान का वाराणसी से लगभग 100 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व में कोलकाता से संपर्क और रडार संपर्क टूट गया।

डीजीसीए ने कहा है विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो की एक टीम को विस्तृत जांच के लिए घटनास्थल पर रवाना कर दिया गया है।

Next Story
Share it