जहरीली शराब कांड: 9 मौतों के बीच 50 डब्बे बरामद, कई गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण जिले के तुरकौलिया प्रखंड में जहरीले केमिकल के सेवन से अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग विभिन्न अस्पतालों में उपचाररत...

पूर्वी चंपारण जिले के तुरकौलिया प्रखंड में जहरीले केमिकल के सेवन से अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग विभिन्न अस्पतालों में उपचाररत...
पूर्वी चंपारण जिले के तुरकौलिया प्रखंड में जहरीले केमिकल के सेवन से अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग विभिन्न अस्पतालों में उपचाररत हैं। कुछ लोग निजी नर्सिंग होम में भी गुप्त रूप से इलाज करा रहे हैं, जिससे वास्तविक आंकड़ा और बढ़ने की आशंका है।
घटना के बाद उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है। इसी क्रम में उत्पाद विभाग और पिपराकोठी थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में जहरीला मिथाइल अल्कोहल बरामद किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर सलेमपुर गांव के समीप खेतों में सिंचाई के नाले में छिपाकर रखे गए पीले रंग के मोबिल ऑयल के डब्बों को बरामद किया गया। डीएसपी जितेश कुमार के नेतृत्व में रात में चलाए गए अभियान में 17 डब्बे जब्त किए गए, जिनमें अत्यंत जहरीला मिथाइल अल्कोहल (स्प्रिट) भरा हुआ था।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व भी पुलिस ने इसी प्रकार की कार्रवाई में 27 डब्बे (लगभग 702 लीटर) बरामद किए थे। इस प्रकार अब तक कुल 50 डब्बे जब्त किए जा चुके हैं।
बरामद स्प्रिट को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया, जहां यह पुष्टि हुई कि यह पूर्णतः मिथाइल अल्कोहल है, जो मानव जीवन के लिए अत्यंत घातक है।
उत्पाद विभाग के उप आयुक्त नीरज कुमार ने बताया कि प्रारंभ में इसे शराब समझकर जब्त किया गया था, लेकिन जांच में यह जहरीला मिथाइल अल्कोहल निकला। उन्होंने कहा कि यदि यह पदार्थ अन्य क्षेत्रों में आपूर्ति हो जाता, तो जनहानि और अधिक हो सकती थी।
पुलिस ने इस मामले में अब तक एक दर्जन से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें खलीफा यादव, जम्बू यादव, कन्हैया यादव और उसका भाई राजा यादव को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। मामले की गहन जांच जारी है और आगे और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।





