रामपुर में HRTC बस हादसा: परिचालक समेत दो की मौत, कई यात्री घायल
जिला शिमला के रामपुर उपमंडल में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एचआरटीसी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस के परिचालक समेत दो लोगों की मौत हो...

जिला शिमला के रामपुर उपमंडल में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एचआरटीसी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस के परिचालक समेत दो लोगों की मौत हो...
जिला शिमला के रामपुर उपमंडल में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एचआरटीसी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस के परिचालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार खनेरी अस्पताल में जारी है। यह हादसा बुधवार शाम करीब 6:30 बजे रामपुर–खड़ाहण–कोटाधार–खोलीघाट मार्ग पर गरटोला के समीप हुआ। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस (एचपी 06ए 6454), जिसमें करीब 22 यात्री सवार थे, अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में बस के परिचालक जय प्रकाश नेगी, निवासी गांव घड़ोली, डाकघर खुनी, तहसील ननखड़ी तथा 72 वर्षीय डाकू राम, निवासी गांव शाहदू, तहसील ननखड़ी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना में कई अन्य यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी (रामपुर) पहुंचाया गया। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने राहत नियमों के तहत स्थानीय मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि तत्काल जारी कर दी है। दूसरे मृतक की औपचारिक रिपोर्ट प्राप्त होते ही उनके परिजनों को भी राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों की टीम घायलों का प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करा रही है। फिलहाल प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटा है। वहीं इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षित आवाजाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





