बांका में गोलीबारी, दो युवकों की हत्या, एक घायल; जांच जारी
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर मकदुम्मा पंचायत के बलिया गांव में बुधवार देर शाम अज्ञात अपराधियों द्वारा की गई गोलीबारी में दो...

बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर मकदुम्मा पंचायत के बलिया गांव में बुधवार देर शाम अज्ञात अपराधियों द्वारा की गई गोलीबारी में दो...
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रतनपुर मकदुम्मा पंचायत के बलिया गांव में बुधवार देर शाम अज्ञात अपराधियों द्वारा की गई गोलीबारी में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई तथा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान शंभूगंज थाना क्षेत्र के धर्मराय गांव निवासी जगदीश सिंह के पुत्र सीटू सिंह तथा अर्जुन सिंह के पुत्र गुंजन सिंह के रूप में की गई है। वहीं एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की बात कही जा रही है, जिसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइंटिफिक फॉरेंसिक इन्वेस्टिगेशन लैब (एसएफएल) की टीम को भी जांच के लिए घटनास्थल पर बुलाया गया है।
बांका के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं तथा आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उक्त स्थान पर शाम के समय अक्सर लोगों की भीड़ और जमावड़ा रहता है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि घटना आपसी रंजिश का परिणाम है या इसके पीछे किसी आपराधिक गिरोह का हाथ है।
बताया जा रहा है कि मृतक गुंजन सिंह का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है तथा वह नशे की आदत से भी जुड़ा बताया जाता है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।





