आईकेएस पहल के तहत केएमसीएलयू के छात्र-छात्राओं ने देखी ‘कृष्णावतारम भाग-1: हृदयम’ फिल्म

  • whatsapp
  • Telegram
आईकेएस पहल के तहत केएमसीएलयू के छात्र-छात्राओं ने देखी ‘कृष्णावतारम भाग-1: हृदयम’ फिल्म
X


ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ : कुलपति प्रोफेसर अजय तनेजा के निर्देशों के क्रम में विश्वविद्यालय की इंडियन नॉलेज सिस्टम (IKS) पहल के अंतर्गत आज बॉयज़ हॉस्टल एवं गर्ल्स हॉस्टल के छात्र-छात्राओं को सहारागंज स्थित पीवीआर सिनेमा में फिल्म “कृष्णावतारम भाग-1: हृदयम” के प्रदर्शन हेतु ले जाया गया। इस पहल का समन्वयन आईकेएस कोऑर्डिनेटर डॉ. नीरज शुक्ला द्वारा किया गया।

“कृष्णावतारम भाग-1: हृदयम” एक पौराणिक, भक्तिमय एवं नाटकीय फिल्म है, जिसका निर्देशन हार्दिक गज्जर द्वारा किया गया है। 7 मई 2026 को रिलीज़ हुई यह फिल्म भगवान श्रीकृष्ण की राधा से वियोग के बाद द्वारका से कुरुक्षेत्र तक की यात्रा को दर्शाती है, जिसमें उनकी पत्नियों रुक्मिणी और सत्यभामा के साथ उनके संबंधों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। लगभग 2 घंटे 29 मिनट की अवधि वाली यह फिल्म हिंदी के साथ-साथ अन्य भाषाओं में भी उपलब्ध है।

फिल्म में सिद्धार्थ गुप्ता ने भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभाई है, जबकि सत्यभामा के रूप में संस्कृति जयना, राधा के रूप में सुष्मिता भट्ट और रुक्मिणी के रूप में निवासिनी कृष्णन ने प्रभावशाली अभिनय किया है।

विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों को भी प्रोत्साहित करता है। इस प्रकार के आयोजनों से छात्रों को सांस्कृतिक मूल्यों की समझ के साथ-साथ सकारात्मक अनुभव एवं नई ऊर्जा प्राप्त होती है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के संबंधित अधिकारी एवं टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।

Next Story
Share it