ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में 11वें दीक्षांत समारोह से पूर्व परीक्षा समिति की 11वीं बैठक सम्पन्न
लखनऊ, 2 जुलाई। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के आगामी 11वें दीक्षांत समारोह (8 जुलाई) की तैयारियों के क्रम में गुरुवार को परीक्षा समिति...

लखनऊ, 2 जुलाई। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के आगामी 11वें दीक्षांत समारोह (8 जुलाई) की तैयारियों के क्रम में गुरुवार को परीक्षा समिति...
लखनऊ, 2 जुलाई। ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय के आगामी 11वें दीक्षांत समारोह (8 जुलाई) की तैयारियों के क्रम में गुरुवार को परीक्षा समिति की 11वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में दीक्षांत समारोह में प्रदान की जाने वाली उपाधियों एवं पदकों को औपचारिक स्वीकृति प्रदान की गई तथा समारोह से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में कुल 1,246 उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 1,236 स्नातक एवं स्नातकोत्तर उपाधियां तथा 10 शोधार्थियों को पीएच.डी. की उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
दीक्षांत समारोह में इस वर्ष कुल 125 पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 54 स्वर्ण पदक, 37 रजत पदक एवं 34 कांस्य पदक शामिल हैं। ये पदक कुल 110 मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान किए जाएंगे। इनमें तीन विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए तीन-तीन पदक, जबकि नौ विद्यार्थियों को दो-दो पदक प्रदान किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय के सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों में मोहम्मद अफ्फान को प्रतिष्ठित “ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती पदक” प्रदान किया जाएगा। वे फैकल्टी ऑफ आर्ट्स एंड ह्यूमैनिटीज के टॉपर होने के साथ-साथ अरबी विभाग के भी टॉपर हैं।
इसी प्रकार सौम्या मिश्रा को “चांसलर पदक” से सम्मानित किया जाएगा। वे फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (FOET) की टॉपर होने के साथ-साथ बायोटेक्नोलॉजी इंजीनियरिंग विभाग में भी सर्वोच्च स्थान पर रही हैं।
वहीं आकाशी यादव को “वाइस चांसलर पदक” प्रदान किया जाएगा। वे संपूर्ण विश्वविद्यालय की स्नातक (यूजी) स्तर की द्वितीय टॉपर, फैकल्टी ऑफ साइंस की टॉपर तथा बी.एससी. बायोटेक्नोलॉजी की भी टॉपर हैं।
दीक्षांत समारोह में माननीया कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा मंच से 25 चयनित विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए जाएंगे। यह व्यवस्था राजभवन से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप की गई है। समारोह की एक विशेष उपलब्धि यह भी होगी कि तीनों शीर्ष मेधावी विद्यार्थियों, जिन्हें तीन-तीन पदक प्राप्त होंगे, उनके अभिभावकों को भी मंच पर आमंत्रित किया जाएगा।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने कहा, “दीक्षांत समारोह प्रत्येक विद्यार्थी के शैक्षणिक जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण होता है। हमारे मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियां विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और उत्कृष्टता का प्रमाण हैं। हमें विश्वास है कि ये विद्यार्थी अपने ज्ञान, प्रतिभा और संस्कारों के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। विश्वविद्यालय उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है।”
बैठक में कुलपति प्रो. अजय तनेजा, कुलसचिव श्री विकास ,डीन एकेडमिक प्रो. सौबान सईद, डिप्टी कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन डॉ. अताउर रहमान, प्रो. चंदना डे, प्रो. ततहीर फातिमा, डॉ. नलिनी मिश्रा तथा मुख्य नियंता (प्रॉक्टर) डॉ. नीरज शुक्ला उपस्थित रहे।





