महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में 13–14 फरवरी को सजेगा ‘युवा तरंग’, कुलपति ने बैठक कर तैयारियों को दिया अंतिम रूप
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय परिसर में 13 एवं 14 फरवरी को आयोजित होने वाले ‘युवा तरंग’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजभवन...

आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय परिसर में 13 एवं 14 फरवरी को आयोजित होने वाले ‘युवा तरंग’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजभवन...
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय परिसर में 13 एवं 14 फरवरी को आयोजित होने वाले ‘युवा तरंग’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजभवन के निर्देशों के क्रम में कुलपति प्रो. संजीव कुमार की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय की सभी आयोजन समितियों की संयुक्त बैठक संपन्न हुई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।बैठक में कुलपति ने स्पष्ट किया कि ‘युवा तरंग’ का उद्देश्य विश्वविद्यालय एवं उससे संबद्ध समस्त राजकीय, अनुदानित एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा के भीतर कोई न कोई कला निहित होती है, जिसे सही अवसर और मंच मिलना आवश्यक है।
राजभवन के निर्देश एवं कुलपति के मार्गदर्शन में कुलसचिव द्वारा प्रो.वंदना पांडेय के संयोजकत्व में मुख्य आयोजन समिति का गठन किया गया है, जबकि प्रो.अरुण कुमार सिंह को सह-संयोजक नामित किया गया है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए 15 उप-समितियों का गठन कर विभिन्न प्रतियोगिताओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।कार्यक्रम के उप-प्रभारी प्रो. अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं से किसी प्रकार का पंजीकरण शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्रतिभागियों के लिए भोजन एवं नाश्ते की व्यवस्था टोकन प्रणाली के माध्यम से की जाएगी, जबकि प्राध्यापकों के लिए पृथक भोजन स्टॉल की व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम से संबंधित समस्त जानकारी बैनर, पोस्टर एवं हेल्प डेस्क के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
कुलपति प्रो.संजीव कुमार ने जानकारी दी कि ‘युवा तरंग’ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ 13 फरवरी को प्रातः 10 बजे प्रशासनिक भवन के समीप स्थित हेलीपैड के पास ओपन ग्राउंड में लगे पंडाल में मुख्य अतिथि एवं कुलपति द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ होगा। उद्घाटन सत्र के उपरांत प्रतिभागी पूर्व निर्धारित शैक्षणिक भवन-एक, शैक्षणिक भवन-दो तथा प्रशासनिक भवन में आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। अधिकांश प्रतियोगिताएं 13 फरवरी को ही संपन्न कराने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने बताया कि शेष प्रतियोगिताएं 14 फरवरी को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 1 बजे तक आयोजित की जाएंगी। समापन समारोह अपराह्न 3 बजे से आरंभ होकर सायं 5 बजे मुख्य अतिथि के हाथों पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न होगा। कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्य तथा विश्वविद्यालय के डीन पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे। बैठक में कुलसचिव डॉ.अंजनी कुमार मिश्र, कार्यक्रम सचिव डॉ.महेश कुमार श्रीवास्तव सहित ‘युवा तरंग’ आयोजन समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।





