राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह (14–20 नवंबर): गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय में पुस्तकों के साथ गढ़ी जा रही नई पीढ़ी के भविष्य की कहानी

  • whatsapp
  • Telegram
राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह (14–20 नवंबर): गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय में पुस्तकों के साथ गढ़ी जा रही नई पीढ़ी के भविष्य की कहानी
X


पुस्तकालय केवल पुस्तकों का संग्रह स्थल नहीं, बल्कि ज्ञान, शोध, चिंतन और भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र होता है। विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में इसी भावना को साकार करते हुए बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ का गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय 14 से 20 नवंबर तक मनाए जा रहे राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह के अवसर पर यह पुस्तकालय विद्यार्थियों और शोधार्थियों के बीच अध्ययन एवं शोध की समृद्ध संस्कृति का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आ रहा है। यहां सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है, जो विद्यार्थियों में नियमित अध्ययन और अकादमिक अनुशासन को प्रोत्साहित करती है।

गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय की स्थापना जनवरी 1998 में हुई थी। लगभग 7,917 वर्गमीटर क्षेत्रफल में स्थित यह पुस्तकालय स्थापना के समय से ही विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। समय के साथ पुस्तकालय ने अपने संसाधनों, अध्ययन सुविधाओं और तकनीकी सेवाओं का विस्तार किया है। आज यह विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को अध्ययन, संदर्भ सामग्री और शोध के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ विश्वविद्यालय की अकादमिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

पुस्तकालय में विद्यार्थियों की निरंतर बढ़ती उपस्थिति इसकी शैक्षणिक उपयोगिता को दर्शाती है। यहां प्रतिदिन औसतन 336 विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की जाती है, जबकि परीक्षाओं के दौरान यह संख्या बढ़कर लगभग 1,000 से 1,200 तक पहुंच जाती है। पुस्तकालय अभिलेखों के अनुसार, 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के दौरान कुल 86,487 विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई तथा 3,41,644 पुस्तक एवं संदर्भ सामग्री के उपयोग का रिकॉर्ड सामने आया। यहां एक साथ लगभग 400 विद्यार्थियों के बैठकर अध्ययन करने की सुविधा उपलब्ध है।

पुस्तकालय का समृद्ध संग्रह विद्यार्थियों और शोधार्थियों की विविध शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यहां 73 हजार से अधिक पुस्तकों तथा 13,226 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं का संग्रह उपलब्ध है। विभिन्न विषयों की पुस्तकें, संदर्भ ग्रंथ और शोध सामग्री विद्यार्थियों को गहन अध्ययन के साथ नवीनतम ज्ञान एवं शोध प्रवृत्तियों से जोड़ती हैं। पुस्तकालय के अभिलेखों में लगभग 6000 विद्यार्थियों के पंजीकरण का उल्लेख इसकी व्यापक शैक्षणिक पहुंच को दर्शाता है।

शोध कार्यों को प्रोत्साहित करने और शोध सामग्री को डिजिटल रूप में संरक्षित करने की दिशा में भी पुस्तकालय ने उल्लेखनीय पहल की है। विश्वविद्यालय द्वारा वर्ष 2015 से शोध प्रबंधों के डिजिटलीकरण एवं ऑनलाइन उपलब्धता की प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसके अंतर्गत अब तक 825 शोध प्रबंध शोधगंगा (Shodhganga) पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं। इससे विश्वविद्यालय के साथ-साथ देश-विदेश के शोधकर्ताओं को भी शोध सामग्री तक पहुंचने में सुविधा मिल रही है।

पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. सुनील गोरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि आधुनिक तकनीक के समावेश ने पुस्तकालय की सेवाओं को और अधिक सरल एवं प्रभावी बनाया है। यहां स्मार्ट पहचान पत्र, आरएफआईडी (RFID) आधारित सुविधाएं, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित साहित्यिक चोरी की जांच, ईमेल अलर्ट, ऑनलाइन प्रशिक्षण तथा स्वचालित पुस्तक निर्गमन एवं वापसी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त एकीकृत पुस्तकालय प्रबंधन प्रणाली ILMS-KOHA के माध्यम से पुस्तकों और अन्य अध्ययन संसाधनों का प्रबंधन किया जा रहा है।

ऑनलाइन पब्लिक एक्सेस कैटलॉग (OPAC) की सहायता से विद्यार्थी पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री की जानकारी ऑनलाइन प्राप्त कर सकते हैं। इन सुविधाओं के माध्यम से शोध की मौलिकता, अकादमिक नैतिकता और पुस्तकालय सेवाओं की गुणवत्ता को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए लाइब्रेरी में रिमोट एक्सेस की सुविधा भी उपलब्ध है, जिसके माध्यम से विद्यार्थी कहीं से भी ऑनलाइन पुस्तकालय के विभिन्न संसाधनों, पुस्तकों एवं शोध सामग्री से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। डॉ. गोरिया ने बताया कि राष्ट्रीय पुस्तकालय सप्ताह के अवसर पर विद्यार्थियों को पुस्तकालय के महत्व एवं उसकी उपयोगिता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में पुस्तकें पढ़ने की रुचि विकसित करना, पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देना तथा उन्हें पुस्तकालय में उपलब्ध विभिन्न शैक्षणिक एवं शोध संबंधी संसाधनों के अधिकाधिक उपयोग के लिए प्रेरित करना है।

विद्यार्थियों और शोधार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पुस्तकालय पारंपरिक पुस्तकों के साथ डिजिटल अध्ययन संसाधनों का भी निरंतर विस्तार कर रहा है। इसका उद्देश्य केवल पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत, स्वतंत्र अध्ययन, तार्किक चिंतन और शोध के प्रति रुचि विकसित करना भी है।

पुस्तकालय सप्ताह के अवसर पर गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय की ये उपलब्धियां रेखांकित करती हैं कि बदलते समय में पुस्तकालय की भूमिका पारंपरिक पुस्तक संग्रह तक सीमित नहीं रह गई है। आज पुस्तकालय डिजिटल ज्ञान, आधुनिक तकनीक और शोध संसाधनों के महत्वपूर्ण केंद्र बन चुके हैं। गौतम बुद्ध केंद्रीय पुस्तकालय भी पारंपरिक पुस्तकों और आधुनिक डिजिटल सुविधाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए विद्यार्थियों को ज्ञान के व्यापक संसार से जोड़ रहा है।

बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय का समृद्ध पुस्तकालय, शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक अध्ययन सुविधाएं विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। पुस्तकालय सप्ताह का संदेश भी यही है कि विद्यार्थी पुस्तकों से दोस्ती करें, नियमित अध्ययन को अपनी दिनचर्या बनाएं और ज्ञान, शोध एवं विचारशीलता के माध्यम से अपने सपनों तथा भविष्य के नए रास्तों का निर्माण करें।

Next Story
Share it